नपा उप अध्यक्ष पद के चुनाव में वार्ड 16 से पार्षद मुकेश सैनी तीन वोट से जीत गए। इस दौरान मौके पर मौजूद विधायक पवन खरखौदा व चेयरमैन हीरा लाल इंदौरा ने उनका मुंह मीठा करवाते हुए जीत की बधाई दी। एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर की देखरेख में बृहस्पतिवार को नपा कार्यालय में उप अध्यक्ष पद का चुनाव करवाया गया। नामांकन प्रक्रिया में दो नाम आने के बाद विधायक पवन खरखौदा भी नपा कार्यालय में पहुंच गए। जिन्होंने प्रत्याशियों के साथ मिल बैठ कर सर्वसम्मति बनाने की बात कही, ताकि शहर का विकास ठीक से हो सके। इसके बाद प्रत्याशी कार्यालय से बाहर चर्चा करने भी गए, लेकिन बात नहीं बनने के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान कराया गया। जिसमें प्रत्याशी पूनम को सात मत मिले, जबकि वार्ड 16 से प्रत्याशी मुकेश सैनी को दस वोट मिले। उप अध्यक्ष बने मुकेश सैनी ने कहा कि वह सभी पार्षदों का धन्यवाद करते हैं, जिसके बाद विधायक पवन खरखौदा व चेयरमैन हीरालाल इंदौरा ने नपा उप अध्यक्ष बने मुकेश सैनी का मुंह मीठा करवाया। इसके बाद कार्यालय से बाहर आने पर मुकेश सैनी का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया, जिसके बाद शहर में विजय जुलूस भी निकाला गया।