स्वच्छता अभियान के तहत सोमवार सुबह जब विधायक पवन खरखौदा स्थानीय सामान्य अस्पताल में निरीक्षण के लिए पहुंचे, तो वहां की बदहाल स्थिति देख वह हैरान रह गए। अस्पताल में न तो शौचालयों की सफाई थी और न ही पानी की समुचित व्यवस्था, जबकि मरीज वार्ड पूरी तरह खाली मिले। विधायक पवन ने रजिस्टर की जांच की, जिसमें किसी भी मरीज के भर्ती होने का कोई उल्लेख नहीं था। इस पर उन्होंने कहा कि क्या खरखौदा के सभी लोग इतने स्वस्थ हो गए हैं कि अस्पताल में कोई भर्ती ही नहीं होता या फिर आने वाले मरीजों को सिर्फ रेफर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में व्यवस्थाएं ज्यों की त्यों बनी हुई हैं, किसी प्रकार का कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। यह केवल बाहर की सफाई का मामला नहीं है, अब इस अस्पताल को अंदर से भी साफ करने की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को भी व्यवस्थाओं में सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आमजन की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने भी विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए अस्पताल प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की है।