अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते गैस की कमी की सूचना ने लोगों को पैनिक कर दिया है। पीएनजी की सप्लाई में कटौती, कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद करने से लोगों में भय समा गया है कि घरेलू गैस की भी किल्लत हो सकती है। इसके चलते अचानक से बड़ी संख्या में घरेलू गैस उपभोक्ता बुकिंग कराने लगे हैं। स्थिति यह उत्पन्न हो गई है कि इस वजह से गैस कंपनियों के सर्वर ठप हो गए हैं। जिले में वीरवार को सुबह 7 बजे से सभी गैस कंपनियों के सर्वर ठप हो गए और दिनभर न तो बुकिंग हो सकी और न ही केवाईसी या कोई अन्य काम ही हो सका। हालांकि गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि उनके पास गैस सिलिंडर हैं, बुकिंग के बाद वे उसी दिन डिलिवरी भी दे सकते हैं। दूसरी ओर, प्रशासन ने स्टॉक को पर्याप्त बताते हुए घबराहट में बुकिंग नहीं कराने की अपील की है। सोशल मीडिया पर लगातार मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध की वजह से गैस की किल्लत की बात सामने आ रही है। इसको लेकर एलपीजी सिलेंडर को लेकर आपाधापी मचने लगी है। लोग अधिक से अधिक सिलिंडर अपने पास रखना चाह रहे हैं। इसकी वजह से अचानक से बुकिंग की संख्या बढ़ने से सर्वर डाउन हो गया है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि सामान्य दिनों जहां उनके पास प्रतिदिन 300 से 350 बुकिंग आती थी, वहीं गैस के दाम बढ़ने के बाद अचानक से बुकिंग की बाढ़ आ गई और यह संख्या 500 से 600 प्रतिदिन तक पहुंच गई। हालांकि 25 दिन का लॉकिंग पीरियड लागू होने के बाद दोबारा से बुकिंग में काफी कमी आ गई। बुकिंग नहीं होने के कारण लोग परेशान होकर एजेंसी में भीड़ लगाने लगे। लोगों के लगातार बुकिंग के प्रयास से बुधवार शाम से ही सर्वर ठप हो गया। हालांकि वीरवार सुबह 5 बजे से 7 बजे तक सर्वर चला और इस दौरान बुकिंग भी हुई।