फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वास्थ्य सुविधाओं का इंतजार कर रहा कथूरा, इलाज के लिए गांव से बाहर जाने की मजबूरी

शाहिल शर्मा Updated Wed, 03 Jun 2026 08:26 PM IST

सोनीपत जिले के बड़े गांवों में शामिल कथूरा आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष करता नजर आ रहा है। हजारों की आबादी वाले इस गाँव में न तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है और न ही पशु चिकित्सालय गाँव के भीतर मौजूद है। इलाज के लिए ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में आज भी गाँव को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इतने बड़े गाँव में आज तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यानी पीएचसी की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है। सामान्य इलाज के लिए भी गाँव से बाहर जाना पड़ता है। कथूरा के सबसे नजदीकी पीएचसी चिड़ी गाँव में है, जो लगभग तीन किलोमीटर दूर रोहतक जिले में पड़ती है। वहीं सोनीपत जिले की पीएचसी बनवासा गाँव में स्थित है, जहाँ पहुँचने के लिए करीब छह किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। गाँव में एक उप स्वास्थ्य केंद्र जरूर है, लेकिन यहाँ केवल टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, आयरन और कैल्शियम की गोलियों के वितरण जैसी सीमित सुविधाएँ ही उपलब्ध हैं। पूर्ण इलाज की व्यवस्था यहाँ नहीं है। जब इस बारे में सरपंच से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कथूरा के लिए पीएचसी मंजूर हो चुकी है। पंचायत की ओर से जमीन उपलब्ध कराए जाने के बाद इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं पशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। गाँव का पशु चिकित्सालय कथूरा से करीब तीन किलोमीटर दूर गोहाना-महम मेन रोड पर स्थित है। बीमार पशुओं को इलाज के लिए इसी व्यस्त सड़क से ले जाना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार महिलाओं और बच्चों को भी पशु लेकर अस्पताल जाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई मौकों पर पशु को अस्पताल ले जाने के बाद पता चलता है कि डॉक्टर छुट्टी पर हैं या फिर सरकारी अवकाश होने के कारण अस्पताल में सेवाएँ उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में ग्रामीणों की मांग है कि गाँव में जल्द से जल्द पीएचसी शुरू की जाए और पशु चिकित्सालय की सुविधा भी गाँव के नजदीक उपलब्ध कराई जाए। गाँव में पीएचसी और पशु चिकित्सालय गाँव के नजदीक होना कथूरा के लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें