युवा इनेलो के राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा परेशान अगर कोई वर्ग है तो वह युवा वर्ग है। आज युवाओं के पास न रोजगार है और न ही स्थायी नौकरी, पढ़ा-लिखा युवा खाली घूमने को मजबूर है। युवा इनेलो के राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला वीरवार को राठधना रोड पर आयोजित जिला युवा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फौज में भर्ती के नाम पर भी युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ किया गया है। हर साल एक करोड़ रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने रोजगार के नाम पर युवाओं को धोखा दिया है। बेरोजगारी के कारण कई युवा आत्महत्या कर रहे हैं, अपराध की ओर बढ़ रहे हैं और नशे के आदी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज केवल युवा ही नहीं, बल्कि समाज का हर वर्ग परेशान है। जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। करण चौटाला ने युवाओं से आगे आने का आह्वान करते हुए सत्ता परिवर्तन की बागडोर अपने हाथ में लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार से साधु समाज में भी नाराजगी है और सनातन धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। इस दौरान युवा प्रदेश महासचिव प्रदीप गिल, युवा प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी, जिला प्रधान कुणाल गहलावत, सोनीपत युवा अध्यक्ष विकास मलिक, जिला प्रवक्ता फूल कुमार चौहान, अनूप दहिया, करण सिंह चहल, सुरेंद्र सिरसाढ़ भी मौजूद रहे।