विधायक निखिल मदान ने वीरवार को रोहतक रोड स्थित नई अनाज मंडी में 4.70 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से मंडी का कायाकल्प किया जाएगा। नई अनाज मंडी का निर्माण वर्ष 2000 में हुआ था। मंडी से टैक्स के रूप में करोड़ों रुपये हर वर्ष मार्केट कमेटी में जमा होते हैं। मार्केट कमेटी के अनुसार हर साल 13 लाख मीट्रिक टन अनाज की आवक होती है। उसके बावजूद अनाज मंडी में सुविधा न के बराबर है। आढ़तियों ने मंडी के शेड को बदलने, मंडी की सड़कों की मरम्मत और निर्माण, इसके साथ ही मंडी की चहारदीवारी करवाने की मांग रखी थी। इस पर विधायक ने वीरवार को मंडी में हाेने वाले विकास कार्यों की शुरुआत की। विधायक निखिल मदान ने बताया कि अनाज मंडी की चहारदीवारी करने, सड़कों को बिट्युमिन (तारकोल) से बनाने और नया शेड लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, इन सभी कार्यों को अगली फसल सीजन के आने से पहले पूरा किया जाएगा। इससे क्षेत्र के किसानों, मंडी के व्यापारियों, आढ़तियों को फायदा मिलेगा। पहले वाला शेड सुरक्षा की मानक दृष्टि से सही नहीं था, इसलिए उसको बदलना जरूरी था। मंडी की सड़कों की हालत भी जर्जर हो गई थी, जिसके चलते लोगों को आवागमन में समस्या आ रही थी। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पूरी मंडी की चारदीवारी करवाना बेहद आवश्यक था, जिसे अब आरसीसी और ईंटों से पक्का किया जाएगा। इस दौरान मार्केट कमेटी चेयरमैन अरुण चौहान, वाइस चेयरमैन संजय वर्मा, सचिव सचिव जितेंद्र कुमार, मंडी प्रधान पवन गोयल, महावीर जैन, पवन बंसल, प्रवीण गोयल, कार्यकारी अभियंता प्रदीप शर्मा, उपमंडल अभियंता बिजेंद्र हुड्डा , कनिष्ठ अभियंता कर्मबीर भी मौजूद रहे।