नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मचारी 14 दिन से हड़ताल कर रहे हैं। कर्मचारियों ने बुधवार दोपहर नगर निगम कार्यालय से लेकर देवीलाल चौक तक भेड़ों पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री कृष्ण बेदी के पोस्टर लगाकर व बाजा बजाकर शहर में जुलूस निकाला। साथ ही उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के कारण शहर में सफाई व्यवस्था ठप पड़ी है। जिसके चलते लोगों को परेशानी हो रही है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के सोनीपत इकाई प्रधान भारत कंडेरा ने बताया कि सरकार 13 मई को हुए समझौते के अनुसार उनकी मांगों को पूरा नहीं कर रही है। मांगों को पूरा कराने के लिए प्रदेशभर के कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं। आज सरकार कर्मचारियों के साथ भेदभाव कर रही है। दमकल व सफाई कर्मचारियों को भेड़ों के समान समझा जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तब तक वह अपनी हड़ताल को जारी रखेंगे।