गांव सलारपुर माजरा में गांव चलो बस्ती चलो अभियान के तहत कार्यक्रम से वापसी के दौरान सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने पिछले दिनों हुई आंधी व बारिश के कारण फसल के नुकसान की जो आशंका जताई जा रही थी, उसका जायजा लेने का मन बनाया और वो सीधे गांव बिधल के खेतों में पहुंचे। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा अजीत के खेत में पहुंचे जहां पुष्पा और पूनम मजदूरी के तौर पर लामणी कर रही थी। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने अपनी पत्नी डॉ रीटा शर्मा के साथ अजीत के खेत में लामणी की और किसान परिवार के साथ बैठकर भोजन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि यह लग्न की बात है जिसे मिट्टी से प्यार होता है, खेत से प्यार होता है हरियाणा से प्यार है और जो एक बार खेत में उतर जाता है उसे अपने आप जुनून हो जाता है मेहनत करने का। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी किसानों के बेटे हैं। सरकार लगातार किसानों के लिए काम कर रही है। मंडी में खरीद शुरू हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को भारतीयों को किसी को भी कोई परेशानी न होने दी जाए। हमारी सरकार एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदने के लिए संकल्पबद्ध है।