सफीदों से गोहाना आ रही रोडवेज बस में उरलाना से चढ़े बुजुर्ग यात्री का पर्स बस चालक की ईमानदारी से वापस मिल गया। रिठाल गांव के चालक रामनिवास को बस में पर्स मिला था, जिसे उन्होंने सुरक्षित संभाल कर रखा। हाट गांव निवासी दयानंद उरलाना से बस में सवार हुए थे। टिकट लेने के बाद पर्स जेब में डालते समय उनसे गलती हो गई और पर्स नीचे गिर गया। गोहाना बस स्टैंड पर बस खाली होने के बाद जब चालक रामनिवास बस से उतर रहे थे, तो उनकी नजर पर्स पर पड़ी। उन्होंने पर्स उठा कर संभाल लिया। कुछ देर बाद बुजुर्ग दयानंद पर्स ढूंढते हुए बस स्टैंड पहुंचे। चालक रामनिवास ने उन्हें पर्स वापस लौटा दिया और अपना फर्ज निभाया। पर्स में रुपये और जरूरी कागजात थे। पर्स वापस मिलने पर बुजुर्ग ने रोडवेज कर्मचारियों का धन्यवाद किया।