फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत: खालिस्तानी संगठन की धमकी से सोनीपत में हाई अलर्ट, अदालत परिसर को खाली कराकर ली गई तलाशी

खालिस्तानी संगठन के नाम से आए एक धमकी भरे ई-मेल ने शुक्रवार को सोनीपत जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। ई-मेल में उपायुक्त कार्यालय और जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर अदालत परिसर को खाली कराकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार धमकी भरा ई-मेल 'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से भेजा गया है। मेल में सोनीपत जिला अदालत और उपायुक्त कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही सीजेपी के छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग भी की गई है। फिलहाल पुलिस ई-मेल की सत्यता और उसके स्रोत की तकनीकी जांच कर रही है। धमकी की सूचना मिलते ही जिला पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। अदालत परिसर में मौजूद लोगों को एहतियातन बाहर निकाला गया और परिसर की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने भवन के भीतर और आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। उधर, शुक्रवार को अवकाश होने के कारण उपायुक्त कार्यालय पहले से ही बंद था, जिससे वहां लोगों की आवाजाही नहीं थी। इसके बावजूद प्रशासन ने कार्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी और संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। एसीपी राजदीप मोर का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। साथ ही, जिले के महत्वपूर्ण सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके उद्देश्य का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें