सोनीपत में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के आह्वान पर वीरवार को गन्ना उत्पादक किसानों ने लघु सचिवालय में धरना दिया। इस दौरान उन्होंने सरकार से गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग की। साथ ही गेहूं व सरसों बिजाई के सीजन में डीएपी खाद उपलब्ध कराने व अन्य मांगों को लेकर किसानों ने एसडीएम को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने बताया कि सरकार की ओर से किसानों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। सरकार की ओर से जिन नियमों में संशोधन किया है। उसकी वजह से चावल निर्यातकों ने हड़ताल कर दी है। ऐसे में मिलर्स की ओर से धान की खरीद नहीं की जा रही है। 15 अक्तूबर से मंडियों में धान की खरीद नहीं हो रही। लोकल खरीद में धान का उचित भाव नहीं मिल रहा है। साथ ही उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही धान की खरीद शुरू नहीं कराई तो किसान आंदोलन तेज करने को मजबूर हो जाएंगे।