संवाद न्यूज एजेंसी सोनीपत। सेक्टर-3 स्थित मुख्य दमकल केंद्र पर शुक्रवार को कर्मचारियों ने सरकार की ओर से जारी जाॅब सिक्योरिटी पत्र की प्रतियां जलाकर विरोध किया। उन्होंने दमकल अधिकारी काे सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर 13 मई के द्विपक्षीय समझौते को बिना किसी शर्त लागू करने की मांग की। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के जिला वरिष्ठ उपप्रधान विरेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार से मांग है कि जॉब सिक्योरिटी संबंधी पत्र को तत्काल रद्द करने, 13 मई के द्विपक्षीय समझौते में मानी गई सभी मांगों को बिना किसी शर्त लागू किया जाए। यूनियन प्रतिनिधिमंडल को तत्काल वार्ता के लिए बुलाया जाए। प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान राजीव खत्री ने बताया कि 20 जुलाई को जारी किया गया जॉब सिक्योरिटी पत्र सरकार की वादाखिलाफी और पे-रोल दमकल कर्मचारियों के साथ खुला विश्वासघात है। द्विपक्षीय वार्ता में सरकार ने पे-रोल फायरमैन एवं चालकों को नियमित सरकारी नौकरी देने तथा मानी गई मांगों को 30 जून तक लागू करने का स्पष्ट आश्वासन दिया था। इस वार्ता में फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकल कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को नियमित सरकारी नौकरी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं के लिए स्थायी नीति बनाने, सभी पे-रोल फायरमैन एवं चालकों को नियमित करने जारी मांगों पर सहमति बनी थी। लेकिन सरकार ने इन मांगों को लागू करने के बजाय नियमितीकरण से पीछे हटते हुए जॉब सिक्योरिटी का पत्र जारी कर कर्मचारियों के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने 13 मई के समझौते को पूर्ण रूप से लागू नहीं किया और जॉब सिक्योरिटी संबंधी पत्र वापस नहीं लिया तो नियमित, पे-रोल व एचकेआरएनएल दमकल कर्मचारी नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से घोषित 6, 7 व 8 अगस्त की राज्यव्यापी हड़ताल में भाग लेंगे अगर जरूरत पड़ी तो इस तीन दिन की हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने पर मजबूर होंगे। इस दौरान जिला सचिव अमित दहिया, पूर्व प्रधान संदीप तुर, यशेनदर, विनोद कुमार, विवेक, अजीत, रवीश, विनोद, जोगेंद्र, नितेश, मनोज भी मौजूद रहे।