सोनीपत के गोहाना की पुरानी अनाज मंडी स्थित किराना की दुकान में तड़के अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। दमकल विभाग को डायल 112 से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान व स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर रख हो गया। आग से कोई जनहानि नहीं हुई। पुरानी अनाज मंडी में ताराचंद पंसारी के नाम से किराना की दुकान है। दुकान में रविवार तड़के अचानक आग लग गई। जब आग की लपटें दुकान से बाहर तक पहुंची तो किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दुकान के मालिक सतबीर का कहना है कि उनकी पुरानी अनाज मंडी में दुकान है। तड़के दुकान मेंं आग लगने से दुकान में रखा सारा सामान जल गया है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पुरानी अनाज मंडी में डायल 112 के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया। अंदेशा है कि दुकान में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। -रमेश कुमार, मुख्य अग्निशमन, गोहाना।