सोनीपत। पशुपालन विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन (रजि. नंबर 505) की जिला कमेटी के सदस्यों की गेट मीटिंग बुधवार को उपनिदेशक कार्यालय के सामने हुई। कर्मचारियों ने काले बैज लगाकर ड्यूटी करते हुए सरकार के खिलाफ रोष जताया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष विजेंद्र दहिया ने की, जबकि मंच संचालन सचिव मनोज दहिया ने किया। यूनियन पदाधिकारियों ने नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की ओर से 6 अगस्त से जारी हड़ताल को पूर्ण समर्थन देने का एलान किया। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल दो विभागों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेशभर के कच्चे, संविदा और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण और सुरक्षित भविष्य की लड़ाई है। यूनियन के अध्यक्ष विजेंद्र दहिया ने बताया कि पशुपालन विभाग में खाली पड़े स्वीपर-कम-चौकीदार के पदों पर भर्ती समेत अन्य मांगों को लेकर 27 सितंबर को पशुपालन विभाग मंत्री के आवास पर मास डेपुटेशन प्रदर्शन करने का भी एलान कर रखा है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान देशराज नैन ने आरोप लगाया कि समझौते के बावजूद सरकार ने मांगों को लागू करने के लिए आवश्यक पत्र जारी नहीं किए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें जल्द लागू नहीं हुईं तो सर्व कर्मचारी संघ से जुड़ी अन्य विभागीय यूनियनें भी आंदोलन में शामिल होकर सरकार का विरोध करेंगी। इस दौरान राज्य कैशियर अनिल शर्मा, गौरव, अमित, सचिन, पवन, कुलदीप, नरेश, मुकेश, नगर निगम से दीपक बोहत भी मौजूद रहे।