गांव जगदीशपुर के पास रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण शुरू होने से उत्तर रेलवे ने दूषित पानी की निकासी बंद कर दी है। जिससे गांव की गलियों में 36 घरों के आगे पानी भरा हुआ है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में पहुंचे और निगमायुक्त को शिकायत करके पानी निकासी शुरू कराने की मांग की। ग्रामीण सुरेंद्र, महबूब, जगबीर सरोहा, रामकिशन, बिजेंद्र, प्रिंस सरोहा व विजय ने बताया कि एक सप्ताह पहले ही दिल्ली-अंबाला रेललाइन पर रेल अंडरब्रिज का काम शुरू हुआ है। रेलवे ने अपनी जमीन में दूषित पानी की निकासी बंद कर दी है। जिससे गांव में पानी की निकासी ठप हो गई है। इस समस्या को लेकर पहले भी निगम कार्यालय में शिकायत दी थी, लेकिन अब तक निगम प्रशासन ने पानी की निकासी शुरू नहीं कराई है। जिससे घरों के आगे लगातार पानी भर रहा है। जिससे अधिकतर घरों से बच्चे स्कूल भी नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन की ओर से पहले भी निकासी का दावा किया था, एक दिन टैंकर भेजकर पानी की निकासी के लिए खानापूर्ति कर दी। गलियों में पानी का स्तर लगातार बढ़ने से उनकी परेशानी बढ़ रही है। घरों की नींव में पानी पहुंच रहा है। निगमायुक्त हर्षित कुमार ने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।