जिले के दो सरकारी स्कूलों में 1.34 करोड़ रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक लिपिक ने फर्जी बिल तैयार कर अपने परिचितों के बैंक खातों में ई-सैलरी पोर्टल के माध्यम से भुगतान की रकम ट्रांसफर कर दी। संदेह होने पर स्कूल की प्रधानाचार्य ने पुराने ऑडिट का मिलान किया तो पूरा मामला उजागर हो गया। लिपिक के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया है। आरोपी लिपिक अब रिटायर हो चुका है। गांव अकबरपुर बरोटा में स्थित पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में तैनात रहे लिपिक मनोज आनंद पर गबन का आरोप है। पीएम श्री माध्यमिक विद्यालय स्कूल की प्रिंसिपल भारती ने बताया की स्कूल में तैनात लिपिक मनोज आनंद 31 मई को रिटायर हुआ था। जिसके बाद जुलाई में डीडी पावर दूसरे लिपिक को दी गई थी। इसके बाद महेंद्र नाम के शख्स के नाम एक बिल बनाया गया लेकिन जब इसकी पूछताछ की गई तो पता चला कि इस नाम का कोई सरकारी पोस्ट पर नहीं था। इसके बाद जब मामले में पता किया गया तो पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में 20 फर्जी बिल मिले और 32 लाख का घोटाला किया गया था।