हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से ली गई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के बाद अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का कार्य शुरू किया गया। बोर्ड की ओर से जल्द ही परीक्षा का परिणाम जारी किया गया। मुरथल अड्डा स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या विद्यालय में बनाए गए केंद्र पर अव्यवस्था का माहौल नजर आया। अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेजों का वेरिफिकेशन करवाने के लिए काफी देर तक लंबी लाइनों में लगना पड़ा। पीएमश्री राजकीय कन्या विद्यालय में बनाए गए केंद्र पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों की लंबी लाइनें लगी रही। अभ्यर्थियों के लिए विद्यालय के दो कमरों में पांच मशीनें लगाई गईं जबकि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों की तादाद ज्यादा रही। यही कारण रहा कि अभ्यर्थियों को काफी देर तक लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कुछ अभ्यर्थी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए सुबह 7 बजे ही केंद्र पर पहुंच गए थे। सोनीपत में एचटेट परीक्षा 31 जुलाई व 1 अगस्त को दो दिन ली गई थी। दोनों दिनों में 42 केंद्रों पर चार सत्रों में 26 हजार में से 21 हजार 113 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जबकि 4887 अनुपस्थित रहे थे। अब बोर्ड की ओर से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया है। हालांकि जिले में बनाए गए केंद्र पर अव्यवस्था का माहौल नजर आया। अभ्यर्थी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए लाइनों में लगे रहे और कई घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।