सोनीपत के गांव बढ़मलिक में मां भारती रक्तवाहिनी की ओर से सेना के लिए 188वां रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में आर्मी ब्लड सेंटर की टीम ने अपना सहयोग किया। शिविर में 215 लोगों ने रक्तदान किया। सेना के लिए लगाए गए शिविर के समापन तक रक्तदान करने वालों की लाइन लगी रही। मुख्यातिथि के रूप में राजीव गांधी एजुकेशन सिटी, राई स्थित एसआरएम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. परमजीत सिंह जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। मुख्यातिथि डॉ. परमजीत सिंह जायसवाल ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि देश के जवानों के लिए रक्तदान सेवा सबसे उत्तम है, जिनकी वजह से हम देशवासी चैन की नींद सोते हैं। जब उन्हें खून की आवश्यकता पड़े तो खून हमारा होना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. पूर्णमल गौड़, संदीप पारासर, मनीष राई, एसआई जगत सिंह ने रक्तदाताओं को हर 3 माह में रक्तदान करने का आह्वान किया। संस्था के सदस्यों ने बताया कि केवल भारतीय सेना के लिए यह 46वां रक्तदान शिविर है। जीवीएम कन्या महाविद्यालय की एनएसएस स्वयंसेवकों ने शिविर की व्यवस्था को बखूबी संभाला। शिविर में काफी महिलाओं ने रक्तदान कर साबित किया कि वह भी रक्तदान में पीछे नहीं हैं। दुर्गा शिक्षा सदन के विद्यार्थियों व मां भारती रक्तवाहिनी के सदस्यों ने भी शिविर में सहयोग किया।