सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल ने बुधवार को शहर की नई अनाज मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी में नई बनी सड़क पर जब उन्होंने अपने पैर से ठोकर मारी तो सड़क उखड़ने लगी। इस पर प्रधान सचिव ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्माण में लापरवाही की जांच करने के निर्देश दिए।। उनके साथ मौजूद विधायक निखिल मदान ने सड़क का दोबारा निर्माण कराने और ठेकेदार के आनाकानी करने पर उसे ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया। प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल के निरीक्षण के दौरान नई अनाज मंडी में गेहूं खरीद सीजन के पहले ही दिन अव्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों में लापरवाही की पोल खुल गई। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सड़क से तारकोल गायब है, जबकि लगाए गए डिवाइडरों में सीमेंट का उपयोग ही नहीं किया गया। जल्दबाजी में बनाए गए सीवर खुले छोड़ दिए गए हैं जो किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं। मंडी में करीब चार करोड़ रुपये से निर्माण कराया जा रहा है। 22 जनवरी को विधायक निखिल मदान ने मंडी में चल रहे कार्यों की आधारशिला रखी थी। मंडी में फैली अव्यवस्थाओं को देखकर विधायक भड़क गए और उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।