सोनीपत। स्वच्छ ऊर्जा एवं सतत सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘हमारा परिवार’ के 220 सदस्यों ने संगठन के संस्थापक डॉ. सुरेंद्र के नेतृत्व में हाइड्रोजन ट्रेन से जींद से सोनीपत जंक्शन तक यात्रा की। इसका मुख्य उद्देश्य हाइड्रोजन को सार्वजनिक परिवहन के लिए स्वच्छ, हरित एवं भविष्य के ईंधन के रूप में बढ़ावा देना तथा आमजन में इसके प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। यात्रा का आयोजन हमारा परिवार मातृ शक्ति जींद इकाई प्रमुख आराधना शर्मा के नेतृत्व में किया गया और हमारा परिवार मातृ शक्ति सोनीपत इकाई प्रमुख शालू त्यागी के नेतृत्व में स्वागत किया गया। डॉ. सुरेंद्र ने हाइड्रोजन को भविष्य का महत्वपूर्ण स्वच्छ ईंधन बताते हुए कहा कि हाइड्रोजन संचालित ट्रेनें जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने हाइड्रोजन प्रौद्योगिकी के बारे में व्यापक जन-जागरूकता पैदा करने व समाज को स्वच्छ एवं सतत परिवहन के साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान मातृ शक्ति इकाई सोनीपत की सह प्रमुख दर्शना पाहवा, मुख्य संरक्षक ऊषा शर्मा, डॉ. पूर्णमल गौड़, वाईके त्यागी, डॉ. रामफूल, डॉ. सर्वजीत, डॉ. मेहर सिंह, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. मुकेश मौजूद रहे।