डबवाली के तहसील कार्यालय में आए दिन कुछ न कुछ विवाद होता रहता है। सोमवार को भी तहसील कार्यालय में उस समय हंगामा हो गया । जब एक महिला से रजिस्ट्री की एवज में आरसी यानी रजिस्ट्री कलर्क द्वारा सुविधा शुल्क की मांग की गई। महिला के हंगामा करने पर आरसी द्वारा आनन फानन में उन्हें रजिस्ट्री सौंप दी। इस संबंध में जानकारी देते हुए वार्ड 6 की सुंदर नगर निवासी महिला जसविंदर कौर पत्नी सुखदेव सिंह ने बताया कि उन्होंने कुछ दिनों पहले उनके ही वार्ड में एक प्लॉट पंजाब के गांव खूबबन निवासी काला सिंह से खरीदा था। जिसकी रजिस्ट्री उन्होंने करीब दस दिन पूर्व अपने बेटे प्रिंस के नाम डबवाली के तहसील कार्यालय में करवाई थी। महिला ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री के समय आरसी रमींदर सिंह ने उनसे सुविधा शुल्क ले लिया था । बाद में वह और पैसों की मांग करने लगा। उन्होंने बताया कि लगभग एक सप्ताह से वह उन्हें रजिस्ट्री देने में आना कानी कर रहा है। कभी डॉक्यूमेंट कम होने या कभी कोई दूसरी कमी बताने लगा। जब उन्होंने कहा कि उनके सब कागजात तो पूरे है तो वह कहने लगा कि उसे लंच करवाओ और अतिरिक्त राशि भी दो , तभी वह उनकी रजिस्ट्री उन्हें देगा। सोमवार को उन्होंने कहा कि वह गरीब परिवार से है और वह और राशि नहीं दे सकती क्योंकि वह पहले ही उसे राशि दे चुकी है तो आरसी भड़क गया जिसके बाद जसविंदर कौर का भी संयम जवाब दे गया और उसने आरसी को जमकर खरी खोटी सुनाई , जिसके बाद आरसी रमीदर सिंह बगले झांकने लगा और कभी इधर तो कभी उधर भागने लगा। बाद में किसी व्यक्ति के माध्मय से उसके पास रजिस्ट्री पहुंचवा दी गई।