सिरसा में डीएपी को लेकर किसानों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को जहां 6000 बैग डीएपी के बांटे गए थे। वहीं, मंगलवार को डीएपी का आवंटन नहीं हुआ, क्योंकि प्रशासन के पास स्टॉक नहीं था। प्रशासन टीएसपी खाद किसानों को दे रहा था। जिससे किसानों ने नहीं लिया और प्रशासन से डीएपी के टोकन काटने की मांग की। टोकन नहीं काटे जाने से नाराज किसानों ने डबवाली रोड डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया। जाम लगने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी व डीएसपी मौके पर पहुंच गए। वहीं, कृषि विभाग के एसडीओ अमित कुमार ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया कि खाद नहीं है शुक्रवार को खाद आएगी और वितरित की जाएगी। अभी टीएसपी खाद का 26500 बैग का स्टाक है। किसान इस खाद का प्रयोग कर सकते है। किसानों ने कहा कि उन्हें डीएपी ही चाहिए। टीएसपी वह नहीं लेंगे। क्योंकि टीएसपी में नाइट्रोजन नहीं होती है।