नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की रोहतक इकाई ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए वीरवार से तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। सभी कर्मचारी नगर निगम कार्यालय परिसर में हड़ताल पर बैठ गए। जिसके चलते सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई और सड़कों पर कचरा फैल रहा है। कुछ जगह कूड़े के वाहनों को सड़क के बीच में खाली कराया जा रहा है। इकाई प्रधान शंभू टांक ने बताया कि मांगें पूरी नहीं होने से 8 अगस्त तक तीन दिवसीय हड़ताल रहेगी। उन्होंने बताया कि 13 मई को सरकार के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की मांगों से संबंधित परिपत्र अभी तक जारी नहीं किए गए हैं। सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन हो जाएगी।