बाबा मस्तनाथ की पुण्य स्मृति में 6 से 8 मार्च तक बाबा मस्तनाथ मठ में तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इस आध्यात्मिक आयोजन में देशभर से साधु-संतों और श्रद्धालुओं का महासंगम होगा। मेले का मुख्य आकर्षण कुश्ती दंगल रहेगा। मठ के महंत बाबा बालकनाथ ने मंगलवार को मठ परिसर में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह मेला फाल्गुन मास, शुक्ल पक्ष मामी, अष्टमी और नवमी के अवसर पर आयोजित किया जाता है। 18वीं सदी से चली आ रही परंपरा के अनुसार, यह मेला सिद्ध शिरोमणि बाबा मस्तनाथ की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इस आध्यात्मिक मेले में देश के कोने-कोने से श्रद्धालु धर्म, भक्ति और सेवा के इस पावन संगम में शामिल होंगे। नाथ संप्रदाय के इस प्रमुख स्थल पर भक्तजन परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के लिए बाबा मस्तनाथ की समाधि पर माथा टेकते हैं और गुड़ भेली एवं काला कंबल चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। मठ प्रशासन के अनुसार, इस दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें साधु-संतों के प्रवचन भी शामिल होंगे।