प्रेम नगर में करीब चार माह से दूषित जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है। समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोगों ने करीब चार महीने में छह बार शिकायत दी हैं। इसके बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ है। जून माह में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एक सप्ताह का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद कोई हल नहीं हो सका। कॉलोनी वासियों ने बताया कि 40 मिनट पानी आता है। जब पानी की सप्लाई होती है, तब गंदा पानी नलों में सप्लाई होता है। समस्या से परेशान प्रेम नगर के निवासी सोमवार को समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे। कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया है कि समाधान शिविर में भी अधिकारियों ने दूषित जलापूर्ति के समाधान का केवल आश्वासन दिया है। इस दौरान आर्य चौपाल प्रेम नगर सुधार समिति के प्रधान राजबीर सिवाच, सुरेंद्र पंवार, बदन सिंह तौमर, राजेंद्र कुंडू, बलवान बड़क, आनंद स्वरूप व जसबीर हुड्डा आदि मौजूद रहे।