रोडवेज चालक यशपाल व परिचालक सुरेंद्र से रोहतक बस स्टैंड पर हुई मारपीट मामले में बुधवार को रोडवेज कर्मियों ने चक्का जाम कर दिया। रोडवेज कर्मियों को पुलिस की ओर से अदालत में पेश करने का भी विरोध किया गया। रोहतक बस स्टैंड पर बुधवार को कर्मचारियों ने बस स्टैंड के दोनों गेट बंद कर रोडवेज का चक्का जाम कर दिया। इस कारण 50 से अधिक बसों के पहिए वहीं थम गए जिस कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। प्रदर्शनकारी रोडवेज कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस कर्मचारी की गाड़ी की मंगलवार को रोडवेज बस के साथ टक्कर हो गई थी। इसी बात पर विवाद उभरा। इस मामले में पुलिस कर्मचारियों ने रोडवेज चालक परिचालक से मारपीट की व बाद में एफआईआर भी दर्ज कर दी गई। बुधवार सुबह पुलिस ने रोडवेज के चालक-परिचालक को अदालत में भी पेश कर दिया। यह दोनों कर्मचारी हरियाणा रोडवेज के दिल्ली डिपो में तैनात हैं। इस बारे में न तो रोडवेज अधिकारियों और न ही यूनियन से कोई बातचीत की गई। इसके चलते कर्मचारियों में पुलिस के प्रति भारी रोष है। रोडवेज कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक पुलिस की ओर से निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाएगी तब तक बसों का संचालन नहीं होगा।