हसनगढ़ के नजदीक प्लाईवुड फैक्ट्री में शनिवार को शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। इसमें फर्नीचर के साथ-साथ मशीन भी जलकर भी नष्ट हो गई। फायर विभाग की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार शनिवार अल सुबह करीब साढ़े चार बजे हसनगढ़ के पास खरमपुर मार्ग पर स्थित प्लाइवुड फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। उसे दौरान कई कर्मचारी फैक्ट्री में ही थे। घटना की सूचना तुरंत फैक्ट्री मालिक राजेश कुमार व पुलिस को दी। तभी फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने करीब 3 घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन अधिकांश कच्चा और तैयार माल जलकर राख हो गया। इसके अलावा बिल्डिंग व टीन शेड को भी नुकसान पहुंचा है । आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। वास्तविक पुष्टि जांच के बाद होगी। फैक्ट्री मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।