मानसून में जलभराव से शहर को बचाने के लिए नगर निगम का तोड़फोड़ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। निगम की टीम ने छोटूराम चौक से आगे शांतमई चौक तक नालों के ऊपर बनाए गए पक्के स्लैब व सीढ़ियां तोड़ीं। इससे पहले शनिवार को सुखपुरा चौक व छोटूराम चौक पर कार्रवाई की गई थी। इसके लिए 100 दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। शहर में हर साल छोटूराम चौक, शांतमई चौक, सुखपुरा चौक, शिवाजी कॉलोनी बाजार से लेकर 20 जगह बारिश के मौसम में जलभराव होता है। निगम हर साल लाखों रुपये खर्च कर नालों की सफाई करवा रहा था, लेकिन कई जगह नालों पर पक्का स्लैब डाले जाने के कारण नाले पूरी तरह साफ नहीं हो पा रहे थे। निगम ने दो सप्ताह पहले 1.30 करोड़ में नालों की सफाई का ठेका दिया था, जिसके बाद अब तक मात्र 30 से 40 प्रतिशत नालों की सफाई हुई है, जबकि मानसून की बारिश कभी भी आ सकती है। सदन की बैठक में महिला पार्षद डिंपल जैन ने मुद्दा उठाया था कि जिस ठेकेदार को पिछली बार ठेका दिया था, उसे ही अबकी बार ठेका दे दिया गया। पिछली बार कई जगह नालों की सफाई नहीं हुई। सदन में निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा ने भरोसा दिलाया था कि अबकी बार हर जगह नालों की सफाई होगी। बताया जा रहा है कि कई असरदार लोगों ने नेताओं को फोन करवाकर तोड़फोड़ से बचने का प्रयास किया, लेकिन निगम आयुक्त ने टीम को सभी अतिक्रमण तोड़ने की हिदायत दी।