सांपला खंड के गांव इस्माईला-11बी में गरम पानी से झुलसने से डेढ़ साल के मासूम की एक सप्ताह बाद मंगलवार को मौत हो गई। बेटे की मौत से परिवार में मातम का माहौल है। पिता जॉनी ने आम लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों का ध्यान रखें। ऐसा हादसा किसी के साथ भी हो सकता है। पानी का कारोबार करने वाले इस्माईल-11 बी निवासी जॉनी ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। बड़े बेटे आरव की उम्र तीन साल तो छोटे बेटे वंश की उम्र डेढ़ साल है। एक सप्ताह पहले मंगलवार को उसकी पत्नी ने उपलों से नहाने के लिए गरम पानी किया था। पत्नी ने गरम पानी को टब में डालकर बाथरूम में रख दिया। तीन माह पहले चलना सीखने वाले छोटे बेटे वंश की चीख सुनाई दी। पत्नी भागकर आई तो वंश टब के अंदर मिला और गरम पानी से गर्दन तक झुलस चुका था। तुरंत उसे पीजीआई में लाया गया जहां उपचार के दौरान एक सप्ताह बाद सोमवार रात को मौत हो गई।