संवाद न्यूज एजेंसी रोहतक। लाखन माजरा में वीरवार सुबह करीब 8 बजे भिवानी सब ब्रांच नहर टूट गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नहर टूटने से लगभग 200 एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान प्रवीन ने बताया कि नहर टूटने की सूचना तुरंत सिंचाई विभाग के अधिकारी को दी गई। सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बुलडोजर व मिट्टी की सहायता से पानी रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रवीन ने कहा कि खेतों में पानी भरने से धान की रोपाई में देरी होगी। साथ ही ज्वार की फसल को भी नुकसान की आशंका है। किसानों ने विभाग से मुआवजे की मांग की है।