तीन माह पहले हुए सावन हत्याकांड को लेकर मंगलवार को परिवार के लोग एसपी गौरव राजपुरोहित से मिले और आरोपी मधु की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी ने सब्जी मंडी थाना पुलिस से जवाब मांगा है। पाड़ा मोहल्ले में करीब तीन माह पहले दो पक्षों में पथराव हुआ। इसके बाद सावन (26) की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में वांछित मधु व अभिषेक अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सावन की पत्नी खुशी का कहना है कि आरोपी मधु को मोहल्ले में देखा गया है। पुलिस को भी सूचित किया गया लेकिन आरोपी को नहीं पकड़ा गया। इससे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। एसपी ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ में एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार घर भेजा गया है। बचे आरोपियों को भी जल्द काबू कर लिया जाएगा। -एसआई सुशील कुमार, प्रभारी थाना पुरानी सब्जी मंडी