रेवाड़ी के बावल के कटला बाजार में ज्वेलरी शॉप पर 11 नवंबर को हुई लाखों रुपये की लूट के मामले को सीआईए ने सुलझा लिया है। पुलिस की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरूग्राम के हाजीपुर पातली निवासी वेदपाल उर्फ छोटे और रोहतक के सूर्या नगर निवासी सचिन उर्फ चीनू के रूप में हुई है। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। दरअसल, व्यापारी प्रीतम सोनी की दुकान पर बाइक से तीन नकाबपोश बदमाश हथियारों के दम पर 50 ग्राम सोना, एक किलोग्राम चांदी और 30 हजार रुपये लूट ले गए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रीतम के बेटे हितेंद्र के पैर में गोली मार दी थी। दिन दहाड़े हुए लूट ने कस्बे के व्यापारियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। जिसके बाद एसपी गौरव राजपुरोहित ने मामले की जांच और बदमाशों को पकड़ने के लिए सीआईए और पुलिस की चार टीमों का गठन किया था। व्यापारियों ने दो बार बैठक की थी, जिनमें पुलिस को चुनौती दी थी कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वो आंदोलन शुरू करेंगे। इससे पुलिस पर दबाव बना हुआ था। एसपी गौरव राजपुरोहित ने लूट के इस मामले को सुलझाने पर पुलिस टीमों के प्रयासों की सराहना की है। एसपी ने कहा कि लूट की वारदात के बाद से ही आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस टीमों ने अपना काम शुरू कर दिया था। पहचान में देरी के कारण आरोपियों की गिरफ्तारी में समय लगा है। इस मामले में अन्य आरोपियों का पता लगाने और लूट का सारा माल बरामद करने के लिए उन्हें कोर्ट से रिमांड पर लिया गया है।