आरोग्य भारती रेवाड़ी इकाई के तत्वावधान में स्थानीय आशियाना वृद्ध आश्रम बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट में एक निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आश्रम के लगभग 40 वरिष्ठ नागरिकों तथा अन्य सदस्यों ने लाभ उठाया। आरोग्य भारती के स्वयंसेवकों एवं आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने उन्हें न केवल चिकित्सकीय परामर्श दिया, बल्कि उनके साथ समय बिताकर उनके एकाकीपन को दूर करने और उनके मनोबल को ऊंचा उठाने का भी प्रयास किया। शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सकों की एक टीम ने प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक की व्यक्तिगत रूप से जांच की। उनकी उम्र और पूर्व में चल रही स्वास्थ्य समस्याओं जोड़ों का दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, पाचन संबंधी विकार, अनिद्रा और तनाव आदि को ध्यान में रखते हुए विस्तृत परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने नाड़ी परीक्षण जैसी आयुर्वेदिक पद्धतियों का भी उपयोग करके रोगों की जड़ तक पहुंचने का प्रयास किया। चिकित्सकों ने प्रत्येक व्यक्ति को मौसम के अनुसार आहार, हल्के-फुल्के व्यायाम, और दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलावों के बारे में जानकारी दी। किस प्रकार के आहार से पाचन शक्ति बढ़ेगी, किन प्राकृतिक उपायों से नींद अच्छी आएगी, इस बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। वृद्धजनों की शारीरिक क्षमता के अनुरूप हल्के-फुल्के योगासन और प्राणायाम के तरीके भी सिखाए गए। इन अभ्यासों से न केवल शारीरिक लचीलापन बना रहता है, बल्कि मानसिक शांति भी मिलती है। सभी ने बहुत उत्साह के साथ इन अभ्यासों में भाग लिया।