दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बारिश की वजह से लंबा जाम लग गया। बनीपुर चौक के पास स्थित सर्विस रोड पर दोनों तरफ गड्डों में पानी भर गया, जिससे वाहन बहुत धीरे-धीरे चले। इसका असर आशाही पुल तक दिखा, जहां वाहन कतारबद्ध हो गए और लोगों को करीब 3 घंटे तक लंबे जाम में फंसे रहना पड़ा। पूरा दिन वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। दरअसल, यह समस्या नई नहीं है। वे लंबे समय से सर्विस रोड की मरम्मत और दोनों तरफ र गड्ढों को भरने की मांग करते रहे हैं। हालांकि, कई बार उच्च अधिकारियों और संबंधित विभागों ने बेहतर सुविधाओं के वादे किए, लेकिन वास्तविकता इससे बहुत अलग साबित हुई। इस हल्की बारिश ने ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी (एनएचएआई) और हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एचएसआईडीसी) के दावों की पोल खोल दी है। कृषि विश्वविद्यालय के पीछे एचएसआईडीसी की बनाई सड़क में दो-दो फीट गहरे गड्ढे बने हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन गड्ढों में लगातार बाइक सवार गिर रहे हैं और कई बार गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं। वहीं, हाईवे पर जाम लगने के कारण भारी वाहन भी धीमी गति से गुजर रहे हैं, जिससे एचएसआईडीसी के बनाए रोड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।