फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी में एक दिन में तीन मंदिरों को बनाया निशाना, सगे भाइयों का कारनामा; एक गिरफ्तार

Naveen Updated Thu, 19 Mar 2026 04:24 PM IST

जिले में मंदिरों में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए सीआईए ने एक आरोपी को काबू किया है। जांच में सामने आया है कि दो सगे भाइयों ने मिलकर 13 मार्च को एक ही दिन में तीन मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, जबकि उसके फरार भाई की तलाश जारी है। मामले में जाडरा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत अमित कुमार ने शिकायत दी थी कि वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में बने कमरे का ताला तोड़ दिया। चोर अलमारी से करीब 20 हजार रुपये नकद, लगभग आधा किलो चांदी का मुकुट, एक खाली गैस सिलेंडर व अन्य सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, आरोपी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी साथ ले गए, ताकि पहचान न हो सके। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सीआईए टीम ने गुरुग्राम के खोड़ निवासी रोहित को गिरफ्तार किया। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। कहाड़ी में भी मंदिरों को बनाया निशाना पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि जाडरा में वारदात के बाद आरोपी अपने भाई के साथ कार में सवार होकर कहाड़ी गांव पहुंचे। यहां आमने-सामने बने हनुमान मंदिर और शिव मंदिर में दानपात्रों को निशाना बनाया गया। दोनों भाइयों ने वहां से करीब 40 हजार रुपये चोरी किए। कहाड़ी में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी कैद हो गए, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। मामले की जांच सीआईए कोसली और रेवाड़ी को सौंपी गई थी। जांच के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी किया गया सामान बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें