लगातार तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान लोगों का गुस्सा वीरवार को सड़क पर फूट पड़ा। वार्ड नंबर चार स्थित तिवाड़िया चौक के पास महिलाओं और स्थानीय निवासियों ने रेवाड़ी रोड पर अनाज मंडी के निकट बैरिकेड लगाकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। सूचना मिलने पर बावल थाना प्रभारी फूल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों की समस्या सुनी और संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था लंबे समय से प्रभावित है और बार-बार कटौती होने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। लोगों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल किया जाए और भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए स्थायी समाधान किया जाए।