नल्हड़ में मेडिकल कॉलेज की टंकी के अंदर मिले मृत बंदरों के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है लेकिन रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में लापरवाही बरती जा रही है। तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि छत पर रखी जिस टंकी से मरीजों को पानी सप्लाई किया जाता है उस पर न तो ढक्कन है और पानी के अंदर कीड़े चलते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही वहां कवरेज शुरू की आनन-फानन में टंकी के ढक्कन लगाए गए। लेकिन पुरानी बिल्डिंग पर रखी हुई टंकियां अभी भी बिना ढक्कन के नजर आ रही थी। जब वहां जा कर देखने के लिए कहा गया। तो वहां की चाबी न होने की बात कही गई। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने राज्यभर में पानी के सभी टैंकों की तुरंत जांच और सफाई करने के सख्त आदेश जारी किए थे। उसके बावजूद अधिकारी और कर्मचारियों के लापरवाही के चलते मरीजों की जान को जोखिम में डालकर गंदापानी पिलाया जा रहा है।