रेवाड़ी के धारूहेड़ा-भिवाड़ी बॉर्डर पर राजस्थान के भिवाड़ी में 'अवैध रैंप हटाओ' के नाम से आयोजित महापंचायत के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया है। बड़ी संख्या में भिवाड़ी के ग्रामीण धारूहेड़ा पहुंच चुके हैं, जिसके जवाब में रेवाड़ी पुलिस ने बॉर्डर पर बैरिकेट्स लगा दिए हैं और जेसीबी मशीनों के माध्यम से सड़क को ब्लॉक कर दिया है। रेवाड़ी के डीएसपी रविंद्र कुमार और एसडीएम सुरेंद्र मौके पर मौजूद हैं और महापंचायत के सदस्यों से बातचीत कर रहे हैं। यह महापंचायत भिवाड़ी में अवैध रैंपों को हटाने की मांग को लेकर आयोजित की गई है। इस मुद्दे ने हरियाणा और राजस्थान के बीच तनाव को बढ़ा दिया है, खासकर धारूहेड़ा-भिवाड़ी क्षेत्र में दूषित पानी के निस्तारण और अवैध निर्माणों को लेकर पहले से चल रहे विवाद के बाद। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी जाब्ता तैनात किया है।