हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन, सर्व कर्मचारी संघ व सीटू हरियाणा के संयुक्त बैनर तले शनिवार को रोडवेज कार्यशाला में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 9 जुलाई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल की रणनीति और तैयारियों पर चर्चा हुई। इस मौके पर संयुक्त जीप जत्था डिपो पहुंचा, जहां डिपो कमेटी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य उप प्रधान जयकुंवर दहिया, डिपो प्रधान प्रवीण यादव, वरिष्ठ नेता सुमेर सिवाचॅ सहित कई नेताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों की 10-12 मांगों पर सहमति बनने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगे लागू नहीं की, तो 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी भी पूर्ण चक्का जाम करेंगे। गेट मीटिंग में सैकड़ों कर्मचारियों ने अपने विचार रखे और आंदोलन को मजबूती से सफल बनाने की शपथ ली। हड़ताल की तैयारियों को लेकर यूनियन ने राज्य स्तर पर चार टीमों का गठन किया है, जिसकी अगुवाई राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद, महासचिव सुमेर सिवाच, वरिष्ठ उपप्रधान सतबीर मुंढाल, राज्य कोषाध्यक्ष सुशील ईकस व रमेश सोकंद हैं।