रेवाड़ी पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने सनसनी फैला दी थी। वीडियो में दावा किया जा रहा था कि दो युवकों ने एक युवती का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की और जबरन कार में डालकर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने युवती का पता लगा लिया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और रेवाड़ी में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही है। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन युवती अपने मंगेतर और उसके एक दोस्त के साथ कहीं जा रही थी। रास्ते में जाटूसाना थाना क्षेत्र में उनकी कार में तकनीकी खराबी आ गई। इसी दौरान युवती की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसका अपने मंगेतर और उसके दोस्त के साथ विवाद हो गया। जांच में सामने आया कि युवती पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। उसकी मां और खुद युवती ने भी इस बात की पुष्टि की है। तनाव के चलते उसने आवेश में आकर प्रतिक्रिया दी, जिसे वीडियो में गलत तरीके से पेश किया गया। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया और लीगल एड के समक्ष उसके बयान दर्ज किए। युवती ने स्पष्ट रूप से कहा कि उसके साथ कोई अपहरण या मारपीट नहीं हुई है। डीएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। जिन युवकों पर आरोप लगाए जा रहे थे, उन्होंने युवती की स्थिति को संभालते हुए उसे सुरक्षित घर पहुंचाया था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि किए किसी भी वीडियो या सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें, ताकि समाज में भ्रम की स्थिति न बने।