गांव रामगढ़-भगवानपुर में अस्पताल बनाओ संघर्ष कमेटी का धरना प्रदर्शन शनिवार को 33वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर महिलाओं ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की वादाखिलाफी पर माता का दूध लजाया क्यूं, तू वादा करके भूल गया... गीत सुनाये। इसके बाद धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता राव लाल सिंह ने की। धरने को समाजिक कार्यकर्ता कामरेड रमेश चंद्र एडवोकेट, अभयसिंह फिदेड़ी, मास्टर प्रेम प्रकाश बुड़ाना, शेर सिंह मीरपुर, हनुमत उर्फ पिलानी, महीपाल सिंह फदनी आदि ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि संघर्ष कमेटी की 21 जुलाई को बैठक होगी। जिसमें आंदोलन की आगामी रूपरेखा तय की जाएगी। बैठक में सरपंचों, भूतपूर्व सरपंच व पंचों को भी आमंत्रित किया गया है। यदि सरकार समय रहते नहीं चेती तो बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने साफ किया कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके लिए संघर्ष कमेटी के सदस्य गांव-गांव जाकर समर्थन जुटा रहे हैं। इस धरना प्रदर्शन में रिटायर्ड हैड मास्टर अरविंद यादव, अनिल कुमार सरपंच प्रतिनिधि भगवानपुर, राव लालसिंह, रविन्द्र यादव, कामरेड राजेंद्र एडवोकेट, अनिल सरपंच गोकलपुर, रविन्द्र कुमार, रामकुमार, देवेन्द्र कुमार, सहित अन्य लोग शामिल रहे।