सेक्टर 4 में हिंसक गाय ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। इस हमले में अंशुल बेनीवाल को गंभीर चोट आने के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि हिंसक हुई गाय अंशुल बेनीवाल के पीछे दौड़ रही है। जब अंशुल खाली प्लाट में गिरा तो करीब 5 मिनट तक गाय रौंदती रही। बेनीवाल की चिल्लाने की आवाज सुनकर बचाने दौड़े तीन से चार लोगों को गाय मारने दौड़ पड़ी। उसके बाद जैसे तैसे अंशुल को बचाया गया। घायल के परिजनों ने बताया कि पीड़ित अंशुल शाम के समय घर से बाइक पर पास के पार्क में खेलने के लिए जा रहा था। इसी दौरान उसके पीछे से एक गाय दौड़ पड़ी और उसे बाइक समेत गिरा लिया। अंशुल जान बचाने के लिए दौड़ा तो पीछे-पीछे दौड़कर अंशुल को एक खाली प्लॉट में गिराकर करीब पांच मिनट तक पैरों से रौंदती रही। हैरानी की बात यह है कि नगर परिषद पिछले चार महीनों में करीब 1000 बेसहारा पशुओं को पकड़ने का दावा कर रही है, लेकिन सड़कों पर इनका आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा। शहर में अब तक बेसहारा पशुओं के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है।