बाल भवन ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता डीसी अभिषेक मीणा ने की। समारोह में मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। धारूहेड़ा की छात्रा निवेदया की श्रीराम चंद्र कृपालु भज मन... भजन पर ओडिसी नृत्य प्रस्तुति से प्रसन्न होकर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने उसे 11 हजार रुपये का सम्मान स्वरूप पुरस्कार दिया। समारोह में पीएमश्री राकवमावि की छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समूह नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुति दी। वहीं, प्रवक्ता सुधीर यादव द्वारा महर्षि वाल्मीकि की जीवन शैली पर केंद्रित स्वरचित गीत से समारोह को शोभायमान कर दिया। साथ ही मंच संचालन का दायित्व निभाया। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व डीसी अभिषेक मीणा सहित अन्य अतिथिगण ने शहर के सफाई योद्धाओं को उनकी कुशल कार्यशैली के मद्देनजर सम्मानित किया। समारोह में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा संत महापुरूष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई जा रही है। इस परंपरा के शुरू होने से सामाजिक समरसता और महान संतों की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने समाज के महापुरूषों को याद नहीं करेंगे तो हमारी सभ्यता के महत्वपूर्ण पहलू इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह जाएंगे। इसलिए सरकार की ओर से धन्ना भगत, कबीरदासजी, महात्मा ज्योतिबा फुले, संत रविदास आदि महापुरूषों की याद में उनकी जयंती पर राज्य व जिलास्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विगत 50 सप्ताह से वे लगातार सफाई कर्मचारियों को साथ लेकर रेवाड़ी को सुंदर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान उनका भी इन कर्मचारियों के साथ अटूट नाता बन चुका है।