रेवाड़ी शहर के ऐतिहासिक नंद सरोवर (छोटा तालाब) के संरक्षण और सुंदरीकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। नगर परिषद रेवाड़ी और सामाजिक संस्था अहीरवाल हेरिटेज के संयुक्त प्रयास से यहां स्वच्छता अभियान चलाया गया। वर्षों से उपेक्षित पड़े नंद सरोवर की साफ-सफाई का कार्य संस्था की टीम ने उत्साहपूर्वक शुरू किया। संस्था की प्रधान एवं स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांड एंबेसडर प्रियंका यादव ने बताया कि डीएमसी ब्रह्मप्रकाश के नेतृत्व में अहीरवाल हेरिटेज संस्था शहर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी संस्था ने दिल्ली रोड स्थित ऐतिहासिक छतरी समूह (राव पूरन सिंह बाग) पर स्वच्छता अभियान चलाया था, जिसके बाद उसे राज्य संरक्षित स्मारक घोषित करवाने में सफलता मिली। वर्तमान में उसकी देखरेख होली चाइल्ड स्कूल द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य अब नंद सरोवर और उसके आसपास स्थित ऐतिहासिक छतरियों के संरक्षण के लिए सरकार से सहयोग प्राप्त करना है, ताकि इस स्थल को भी राज्य संरक्षित स्मारक का दर्जा मिल सके। इस दौरान संस्था से जुड़े सहायक प्राध्यापक डॉ. सुशांत यादव और इंजीनियर सचिन ने बताया कि 12 अप्रैल को राव तुलाराम हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। नंद सरोवर पर लंबे समय से अखाड़ा संचालित कर रहे वरिष्ठ नागरिक श्योलाल ने भी अहीरवाल हेरिटेज के सदस्यों का आभार जताया और इस स्थल के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर ‘एक कदम मानवता की ओर’ संस्था के प्रधान राकेश भार्गव, मुकेश सुल्तानिया, मंगेश कुमार, चंदर सोनी, चित्कार अमन राव, राहुल खोला, रंगकर्मी मनोज शर्मा, एनएसएस स्वयंसेवक मयंक और सूरज सहित नगर परिषद के ओमप्रकाश, दीपक, कृष्ण कुमार, विजय, लक्ष्मण व अन्य सदस्य मौजूद रहे।