परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने अपने कार्यालय पर वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए जानकारी दी कि राज्य में 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विशेष लाभ प्रदान किया जा रहा है। डॉ. सतीश खोला ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को एक विशिष्ट आयुष्मान कार्ड जारी किया जा रहा है, जिससे वह देश के किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में 5 लाख तक का निशुल्क इलाज प्राप्त कर सकते है। इस योजना की विशेषता यह है कि यह सभी 70 वर्ष से ऊपर के नागरिकों पर लागू है, चाहे उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति कुछ भी हो। परिवार पहचान प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार,हरियाणा में 70 वर्ष से अधिक आयु के कुल 15,55,644 वरिष्ठ नागरिक हैं, जिनमें पुरुष 6,85,000, महिला 8,70,630 अन्य 14 शामिल हैं।