दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सोमवार को एक कंटेनर और बाइक की टक्कर में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रूद्ध फ्लाईओवर के पास हुआ। जांच अधिकारी एसआई मनीष के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि टक्कर के बाद कंटेनर पलट गया था। हादसे में बाइक सवार शिवा, निवासी बावल, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सुधीर को तुरंत रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, कंटेनर तेज रफ्तार में दिल्ली की ओर से आ रहा था और राजस्थान की एक कंपनी में सामान लेकर जा रहा था। हादसे के बाद चालक कंटेनर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कसौला थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।