राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ के खो-खो और तलवारबाजी में खिलाड़ियों ने शानदान खेल का प्रदर्शन किया। खो-खो के लड़कों में सोनीपत व लड़कियों में झज्जर विजयी रही। तलवारबाजी में मेजबान पानीपत विजेता बनी। शिवाजी स्टेडियम में शुक्रवार को तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन किया गया। मुख्यातिथि एसडीएम पानीपत मनदीप सिंह रहे। उन्होंने विजेताओं पदक व प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि खेलों के जरिए न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए बच्चों को आगे आना चाहिए उभर रही प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और हारने वालों से कहा कि वे हार से सीख लेकर और बेहतर प्रदर्शन के लिए अभ्यास जारी रखें। कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी अनुज जागलान ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने का मौका मिलता है। इससे पहले मुख्यातिथि का खेल अधिकारी ने स्वागत किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर तलवारबाजी प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह, एथलेटिक्स प्रशिक्षक महिपाल, खो-खो कोच गुलशन कुमार और जूडो प्रशिक्षक जाबिर सिंह मौजूद रहे।