देर रात को सेक्टर 25 में हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। युवक की गर्दन में स्ट्रीट लाइट के फाउंडेशन से निकला सरिया लगने से उसकी मौत हुई। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। हादसा देर रात को सेक्टर 25 में समाया गार्डन के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बुडशयाम गांव निवासी अमन टेक्सटाइल फैक्टरी में काम करता था। देर रात को वह घर लौट रहा था। जैसे ही सेक्टर 25 में समाया गार्डन के पास पहुंचा तो उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई औऱ सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद अमन स्ट्रीट लाइट के लिए तैयार किये गए फाउंडेशन पर गिर गया। जिसमें से निकल रहे सरिया युवक की गर्दन और छाती में घुस गए। हादसे में युवक की मौत हो गई। चचरे भाई अनिल ने बताया कि अमन दो बहनों का इकलौता भाई था। हादसे में अमन की मृत्यु होने से परिजनों में मातम पसरा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।