जीटी रोड पर पुलिस लाइन के सामने दिल्ली-पानीपत लेन पर एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार मां-बेटे को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मां बेटे के शव के लोथड़े 50 मीटर तक सड़क पर बिखर गए। मृतक परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता की पहले मौत हो चुकी है। राहगीरों ने दोनों के शवों को चादर से ढका और इस हादसे की सूचना सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया और शवों की शिनाख्त कर इनके परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक की धरपकड़ में जुटी है।