थाना सेक्टर 13-17 क्षेत्र के बबैल गांव में संदिग्ध हालत में विवाहिता इमराना उर्फ मानो की मौत हो गई। मौत की सूचना पर शामली के कसेरवा गांव से पहुंचे मायके पक्ष ने इमरान के ससुरालियों पर मारपीट करने के आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव लेने जाने के लिए भी मायके और ससुराल पक्ष में नोकझोंक हुई। ससुराल पक्ष ने शव अपने साथ लेकर जाने की बात कही। वहीं, मायके वालों ने अपने साथ लेकर जाने की बात कहते हुए हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल के बाहर जीटी रोड पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। इसके बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत किया। बाद में मायके पक्ष के लोग शव को अपने साथ शामली ले गए। मृतका के भाई का कहना है कि पति शराब के नशे में मारपीट करता था। जिस कारण उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि दर्द की दवा की ज्यादा डोज लेने से उसकी मौत हुई। शामली के कसेरवा निवासी सलीम ने बताया कि उनकी बहन इमराना का निकाह करीब 16 साल पहले बबैल गांव में सोनू के साथ हुआ था। सोनू फैक्टरी में काम करता है। उनके दो बेटे हैं। सोनू शराब के नशे में उनके साथ मारपीट करता था। शनिवार रात को करीब साढ़े 10 बजे इमराना ने अपनी भाभी राशिदा को फोन कर कहा था कि उसे देखने आ जाओ नहीं तो उसका मरा मुंह देखने के लिए आना पड़ेगा। इसके बाद रविवार सुबह को उन्हें सूचना मिली कि इमराना की तबीयत खराब है और उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब वह वहां पहुंचे तो उसकी इमराना की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वे शव लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न करने और मारपीट करने के आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।